'जूस, पेन और ट्रिप'... WhatsApp पर कोडवर्ड से चल रहा था आतंकी नेटवर्क, यूपी से पकड़ा गया AQIS का नबील

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 06:46 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एटीएस ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अल कायदा इन द इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े 19 वर्षीय संदिग्ध आतंकी मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित चितारा का रहने वाला नबील लंबे समय से सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था। एटीएस के मुताबिक, वह युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और उन्हें  मुजाहिद बनाने की साजिश में जुटा हुआ था।

मिली जानकारी के मुताबिक, एटीएस की शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। नबील ने व्हाट्सएप पर ला गालिब-इल्लल्लाह नाम से एक सीक्रेट ग्रुप बना रखा था। अपनी गतिविधियों को छुपाने के लिए वह और उसके साथी बातचीत में खास कोडवर्ड्स का इस्तेमाल करते थे:- 
- चाकू, केमिकल, प्लान, ट्रिप, पेन, जूस और प्रोजेक्ट: इन शब्दों के जरिए हथियारों, विस्फोटक सामग्री और आगे की योजनाओं पर चर्चा की जाती थी।
- अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क: नबील के मोबाइल से मिले 'Flames of War' जैसे व्हाट्सएप ग्रुप्स में भारत ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के लोग भी जुड़े पाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों को आरोपी के पास से प्रतिबंधित और भड़काऊ साहित्य बरामद हुआ है। नबील ने व्हाट्सएप ग्रुप्स पर AQIS के पूर्व सरगना मौलाना आसिम उमर से जुड़ी किताब 'जिहाद करने के 44 तरीके' और 'तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल' जैसी किताबें शेयर की थीं।

एटीएस के मुताबिक, नबील सिर्फ विचार फैलाने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह खुद भी आतंकवादी ट्रेनिंग लेने की फिराक में था। उसके मोबाइल से पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर आतंकी ट्रेनिंग लेने और आईईडी/बम बनाने से जुड़ी बातचीत मिली है। एटीएस का यह भी दावा है कि वह पोटैशियम नाइट्रेट जुटाने की कोशिश कर रहा था और देश में 'गजवा-ए-हिंद' के मकसद को आगे बढ़ाने के लिए अपने साथियों के साथ नेटवर्क तैयार कर रहा था।

एटीएस ने नबील के खिलाफ लखनऊ में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि इसके पूरे नेटवर्क और भारत में फैले अन्य संपर्कों का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static