रामनवमी पर बड़ा हादसा: गंगा नदी में चार बच्चे डूबे, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 02:48 PM (IST)
प्रयागराज: जिले के यमुना नगर के मांडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गंगा नदी में नहाते समय चार बच्चे डूब गए जिसमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि आज सुबह करीब 10 बजे बामपुर गांव के चार बच्चे पास ही गंगा नदी में नहाने गए थे और नहाते समय चारों डूब गए।
उन्होंने बताया कि कुणाल (12) और दीपक (17) के शव नदी से निकाल लिए गए हैं, जबकि निहाल (10) और कमलेश (10) की तलाश के लिए गोताखोरों को तैनात किया गया है। डीसीपी यमुनानगर जोन विवेक चंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है सूचना पर मांडा प्रभारी थाना इंस्पेक्टर माधव प्रसाद त्रिपाठी और भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्चों की तलाश जारी है।

