रामनवमी पर मुस्लिम महिलाओं ने उतारी श्रीराम की महाआरती, आंखों में दिखी भक्ति की चमक; दिया शांति का संदेश
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 04:41 PM (IST)
Varanasi News: उत्तर प्रदेश में रामनवमी का उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। चारों तरफ जय श्रीराम के जयकारे ही सुनाई दे रहे थे।वाराणसी में भी रामनवमी के अवसर पर मंदिरों में भारी संख्या में लोग पहुंचें और भगवान राम के दर्शन किए। वहीं, रामनवमी पर मुस्लिम महिलाओं ने भगवान श्रीराम की महाआरती कर आपसी भाईचारे और शांति का संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं के हाथों में सजाए हुए पूजा थाल थे, होंठों पर राम नाम और आंखों में भक्ति की झलक दिखाई दी।
शांति का संदेश दिया
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को विशाल भारत संस्थान और मुस्लिम महिला फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में सुभाष भवन में हिंदू और मुस्लिम महिलाएं एक साथ जुटीं। सभी ने मिलकर भगवान श्रीराम और माता सीता की आरती की और ढोल की थाप पर राम जन्म के गीत गाए। मुस्लिम महिलाओं ने कहा कि आज कई मुस्लिम देश हिंसा और युद्ध से जूझ रहे हैं। अगर वे भगवान राम के आदर्शों पर चलें, तो वहां शांति स्थापित हो सकती है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति प्रेम और सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाले लोग देश का भला नहीं चाहते। राम नाम का संदेश महिलाओं को शक्ति देता है।

