मथुरा: जमीनी विवाद के चलते 2 भाइयों की गोली मारकर हत्या, तीसरा गंभीर रूप से घायल

punjabkesari.in Thursday, Aug 12, 2021 - 11:04 AM (IST)

मथुरा: उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के पैगांव में एक भूखंड को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना में 2 भाइयों की मौत हो गई और तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.गौरव ग्रोवर ने बताया कि शेरगढ़ थाना के पैगांव निवासी राजेश सिंह को गांव के ही सुखवीर सिंह ने 300 वर्गमीटर का भूखंड बेचा था, जिसे वह वापस चाहता था, लेकिन राजेश और उसका भाई इसे वापस नहीं करना चाहते थे।

उन्होंने बताया कि इसी विवाद को लेकर बुधवार रात दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरु हो गई। आरोप है कि सुखबीर पक्ष की गोलीबारी में राजेश (26) और उसके बड़े भाई रतन सिंह (36) की मौत हो गई और उनका तीसरा भाई रणवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। रणवीर को कोसीकलां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ग्रोवर ने बताया कि पुलिस के कई दल सुखवीर, उसके भाई अमर सिंह और अन्य आरोपियों की तलाश कर रहे है। उपाधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र ने बताया कि आरोपी गांव से फरार हो गए हैं। पुलिस के कई दल उनकी तलाश कर रहे हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को एहतियातन तैनात किया गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static