मायावती ने दी दीपावली की शुभकामनाएं, कहा- मूल भावना व सादगी के साथ मनाया जाए त्योहार

punjabkesari.in Monday, Oct 24, 2022 - 11:57 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को दीपावली के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनायें दीं। मायावती ने ट्वीट कर अपने बधाई संदेश में कहा, ‘‘यूपी सहित समस्त देशवासियों व सभी भाई-बहनों को दीपावली, गोवर्द्धान पूजा तथा भैयादूज पर्व की हार्दिक बधाई एवं अनेकों शुभकामनाएं। सभी के जीवन में सुख, शान्ति व समृद्धि आए, यही कामना। वैसे अध्यात्मिकता के लिए ज़रूरी है कि त्योहारों को उसकी मूल भावना व सादगी के साथ मनाया जाए।'' गौरतलब है कि भारत के सबसे बड़े लोकपर्व के रूप में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 

 

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दीपावली के पावन पर्व की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनायें देते हुए जनप्रतिनिधियों, राज्य सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों से किसी वंचित परिवार के साथ भी दीपावली मनाने की अपील की है। योगी ने दीपावली की बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, ‘‘सभी प्रदेश वासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई।'' गौरतलब है कि देश भर में आज दीपावली का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘उत्साह व हर्ष के आलोक से हर घर आलोकित हो, यही दीपावली का उद्देश्य है। सभी मा. जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी गण से अपील है कि यह दीपावली किसी वंचित या जरूरतमंद परिवार के साथ भी मनाएं। हमारा प्रयास रहे कि आज हर घर समरसता के भाव से दीप्त हो, चहुंओर रामत्व हो। जय सियाराम।''        

योगी ने रविवार को अयोध्या में मनाये गये भव्य दीपोत्सव के आयोजन के लिये सभी प्रदेशवासियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने दीपोत्सव के सफल आयोजन के बाद आज अयोध्या में संतों का आशीर्वाद लिया। अब मैं यहां से गोरखपुर जा रहा हूं, जहां मैं आदिवासी समुदाय के वनवासी वनटांगिया और मुसहर जनजातियों के लोगों के साथ दीपावली के आयोजन में भाग लूंगा।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static