मिशन 80: भाजपा ने बैठक में हारी 16 सीटों पर किया फोकस, कार्यकर्ताओं को सौंपी दूध वाले, फेरी वाले को पार्टी से जोड़ेने की जिम्मेदारी
punjabkesari.in Sunday, Jul 23, 2023 - 09:48 AM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव में मिशन 80 को सफल बनाने की कोशिशों के तहत लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पिछले चुनाव में हारी 16 सीटों पर फोकस किया। चुनावी रणनीति के तहत मिशन 80 में भाजपा कार्यकर्ताओं को डिलीवरी मैन, दूध वाले और फेरी वालों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया गया। बैठक का दौर दो दिन चलेगा। इसके तहत पार्टी नेतृत्व संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रहा है।
2024 में विजय पताका लहराने के लिए खाका किया तैयार
दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचे राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने बैठक में 2024 में विजय पताका लहराने के लिए खाका तैयार किया। इसमें कमजोर सीटों पर खास फोकस कर सभी कमजोर कड़ियों को जोड़ने पर मंथन किया गया। उन्होंने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में जिन सीटों पर भाजपा कमजोर साबित हुई है, उन सीटों को जीतने के लिए रणनीति बनाई। 2024 के चुनाव में विजय के लिए खाका तैयार किया। उन्होंने पार्टी के सभी नए व पुराने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
अच्छे काम की प्रशंसा करें, बुरे काम पर सतर्क करें
बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता सरकार के मंत्रियों के साथ समन्वय से काम करें। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा होता है कि सरकार के अच्छे कामकाज भी जनता तक नहीं पहुंचते हैं। कहा कि यदि कोई पदाधिकारी या मंत्री अच्छा काम करते हैं तो उनकी खुलेतौर पर प्रशंसा करें। यदि कहीं कमी है या कोई गलत काम की जानकारी मिलती है तो संबंधित मंत्री से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराएं। व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव भी दें।
बूथ अध्यक्ष से संवाद के लिए भी चलाया जाएगा अभियान
बीएल संतोष ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हर महीने टिफिन बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें सांसद और विधायकों के साथ सभी पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाना है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम प्रत्येक बूथ पर अनिवार्य रूप से सुनने के साथ उसकी फोटो भी अपलोड करनी है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष से संवाद के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।