रातभर चली डायलिसिस के बाद भी मुलायम सिंह यादव की हालत अब भी गंभीर, पोती ने शेयर की तस्वीर

punjabkesari.in Monday, Oct 03, 2022 - 11:45 AM (IST)

लखनऊ: सपा संरक्षक व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव रविवार शाम को तबीयत बिगड़ गई। जिसके चलते उन्हें गुरुग्राम के मेंदाता अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है। बताया जा रहा है कि मुलायम सिंह यादव का ऑक्सीजन लेवल अब फिर से मेंटेन हो गया है। उनके बीपी की समस्या में भी अब सुधार हुआ है। उसे भी डॉक्टरों ने मेंटेन किया है। हालांकि उनकी हालत सोमवार सुबह भी गंभीर बनी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, रात को डायलिसिस करने के बाद भी सोमवार सुबह मुलायम सिंह यादव की हालत में कोई सुधार नहीं आया है। उनकी हालत पहले की तरह ही गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। बता दें कि मुलायम सिंह यादव का मेदांता अस्पताल के आइसीयू में इलाज चल रहा है, जहां पर डाक्टरों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। बताया जा रहा है कि संक्रमण पूरे शरीर में फैलने की वजह से डायलिसिस की गई।

पोती अदिति ने ट्वीट कर लोगों से कहा, मंगल कामना करें
इस बीच पोती अदिति यादव ने मेदांता में इलाज के दौरान की तस्वीर जारी है। इसके साथ ही लोगों से अनुरोध किया है कि वे दादा जी के अच्छे स्वास्थ्य की ईश्वर से मंगल कामना करें। इस तस्वीर में मुलायम सिंह यादव अस्पताल में भर्ती हैं।

 

दादा जी के अच्छे स्वास्थ्य की ईश्वर से मंगल कामना कीजिए 🙏🏻 pic.twitter.com/SEADp020sK

— Aditi Yadav (@AditiYadav000_) October 2, 2022

जानने योग्य है कि रविवार को मुलायम सिंह यादव का उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था। उनकी हालत नाजुक होने की सूचना पर अखिलेश यादव, पत्नी डिंपल और बेटे अर्जुन के साथ मेदांता अस्पताल पहुंचे। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव भी वहां मौजूद थे। हालांकि 3 घंटे अखिलेश वापस लौट कर लखनऊ आ गए। मुलायम 26 सितंबर से मेदांता में भर्ती हैं।

शिवपाल बोले- नेता जी के लिए अगले 24 घंटे अहम
प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि मुलायम सिंह के लिए अगले 24 घंटे अहम हैं। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें जो दवाईयां दी हैं, उसके असर को देखने के लिए 24 घंटे का इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने प्रदेश के लोगों से मुलायम सिंह यादव के लिए दुआ करने की अपील की हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग आदरणीय नेता जी के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करें।

PM मोदी सहित देश के तमाम बड़े नेताओं ने अखिलेश यादव को फोन किया 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुक्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने अखिलेश यादव को फोन कर मुलायम सिंह का हाल-चाल लिया। इसके आलावा उत्तर प्रदेश के  दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह याादव के जल्द स्वस्थ्य होनेे की कामना की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static