निकाय चुनावः भाजपा और सपा समेत सभी दल तैयारियों में जुटे

punjabkesari.in Monday, Feb 20, 2023 - 09:02 PM (IST)

लखनऊ: प्रदेश में अप्रैल महीने में निकाय चुनाव होने की संभावना को देखते हुए भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस जैसे मुख्य राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी के साथ आसन्न सहकारिता चुनाव के लिए भाजपा और सपा ने भी कमर कस ली है। दरअसल, निकाय और सहकारिता चुनाव भाजपा व सपा को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जमीनी हकीकत से अवगत कराएंगे। इसीलिए दोनों दलों ने इन चुनावों को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा ने निकाय और सहकारिता चुनाव की तैयारियों को लेकर पिछली 16 फरवरी को अपने पदाधिकारियों के साथ बैठक भी कर ली। भले ही सहकारिता चुनाव पार्टी सिंबल पर न लड़ने का नियम है। बावजूद इसके भाजपा इस बार सहकारी संस्थाओं के निदेशकों और सभापति के प्रत्याशी घोषित करेगी।

PunjabKesari

भाजपा ज्यादा से ज्यादा सहकारी संघों पर भगवा फहराने के लिए जुटी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा ज्यादा से ज्यादा सहकारी संघों पर भगवा फहराने के लिए जुटेगी। भाजपा अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिहाज से सहकारिता चुनावों को अहम मानते हुए लड़ेगी। पार्टी इस चुनाव के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में अपनी जमीनी पकड़ को मजबूती प्रदान करना चाहती है। साथ ही अप्रैल में संभावित नगर निकाय चुनाव में टिकट के घमासान को सहकारिता चुनाव से संतुष्ट करने की भाजपा की रणनीति है। पार्टी जिन नेताओं को नगर निकाय में टिकट नहीं दे पाएगी, उन्हें सहकारी समितियों में समायोजित किया जा सकेगा। इस प्रकार भाजपा दोहरी रणनीति पर काम कर रही है।

PunjabKesari

उपचुनाव में जीत से उत्साहित है समाजवादी पार्टी
लोकसभा उपचुनाव में मैनपुरी की परंपरागत सीट और खतौली विधानसभा उपचुनाव में सहयोगी आरएलडी की बड़ी जीत से उत्साहित समाजवादी पार्टी ने अब अपना ध्यान सहकारिता में खोई हुई सियासी जमीन हासिल करने पर केंद्रित किया है। इसके अलावा बसपा और कांग्रेस ने सहकारिता चुनाव के लिए अपने पत्ते नहीं खोले हैं। बसपा और कांग्रेस पिछले साल निकाय चुनाव की तैयारियां कर रही थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static