नरेश उत्तम ने कांग्रेस और BJP पर साधा निशाना, कहा- दोनों ने ही किया लोगों का उत्पीड़न
punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2019 - 10:27 AM (IST)

झांसीः समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बीजेपी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कांग्रेस की रही हो या बीजेपी की दोनों के ही समय में लोगों को उत्पीड़न हुआ है और जनता अब यह अच्छी तरह से समझ चुकी है।
झांसी-ललितपुर सीट से सपा-बसपा और रालोद गठबंधन के उम्मीदवार श्याम सुंदर सिंह यादव के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस देश में बीजेपी और कांग्रेस ने समस्याओं का अम्बार लगाया है। बीजेपी और कांग्रेस की नीतियां एक जैसी हैं। बीजेपी ने आतंकवाद और सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया है। कांग्रेस ने गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में इजाफा किया है। यही कारण है कि कांग्रेस बीते तीन दशकों से उत्तर प्रदेश से गायब है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी झूठे वादे करने में माहिर है वह ऊंचे बोल बोलकर चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता अब समझ चुकी है। वह इस लोकसभा चुनाव में गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है और बीजेपी को सत्ता से बेदखल करना चाहती है। उत्तर प्रदेश में अभी तक हुए दो चरणों के चुनाव में गठबंधन की लहर चली और आगे भी चलेगी।