NEET की तैयारी, प्यार का वादा और फिर धोखा? लखनऊ में कैब ड्राइवर पर दुष्कर्म व छोड़ने का गंभीर आरोप

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 08:16 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी करने आई एक युवती ने कैब ड्राइवर पर प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने, मंदिर में शादी का झांसा देने और बेटी के जन्म के बाद छोड़ देने का गंभीर आरोप लगाया है। वाराणसी की रहने वाली पीड़िता ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर शारीरिक संबंध बनाए, गर्भवती होने पर मंदिर में शादी की और बाद में उसे व नवजात बच्ची को अपनाने से इनकार कर दिया।

वाराणसी से लखनऊ तक का सफर
पीड़िता वाराणसी के मेलूपुर क्षेत्र की रहने वाली है। दिसंबर 2022 में वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए लखनऊ आई थी। चिनहट के नौबस्ता इलाके में किराए का कमरा लेकर उसने गोमतीनगर स्थित कोचिंग सेंटर में दाखिला लिया। आने-जाने के लिए वह कैब बुक करती थी।जुलाई 2023 में उसने एक कैब बुक की, जिसे बाराबंकी निवासी आदित्य यादव चला रहा था। यहीं से दोनों के बीच बातचीत की शुरुआत हुई।

रोजाना सफर से बढ़ी नजदीकियां
युवती के मुताबिक, आरोपी ने उसे रोजाना लाने-ले जाने का प्रस्ताव दिया। सुविधा को देखते हुए उसने हामी भर दी। नियमित सफर के दौरान बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई। पीड़िता का कहना है कि उसने कार चलाना सीखने की इच्छा जताई, जिस पर आरोपी ने मुफ्त में सिखाने की बात कही। इसी दौरान वह प्रेम का इजहार भी करने लगा, जिसे युवती शुरुआत में नजरअंदाज करती रही।

नशीला पदार्थ पिलाकर संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया। परिवार से मिलवाने की बात पर वह टालता रहा। एक दिन बहाने से अपने कमरे पर बुलाया और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। युवती के अनुसार, वह बेहोश हो गई और उसी दौरान आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाए। होश आने पर उसे घटना का अंदेशा हुआ। करीब एक महीने बाद उसे गर्भवती होने की जानकारी मिली।

मंदिर में शादी का दावा
गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर युवती ने शादी का दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपी ने उसे चंद्रिका देवी मंदिर में दो दोस्तों की मौजूदगी में शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे।पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने बच्चे को स्वीकार करने और साथ निभाने का वादा किया था।

बेटी के जन्म के बाद बदला व्यवहार
पीड़िता के मुताबिक, गर्भावस्था के शुरुआती महीनों में वह आरोपी के बाराबंकी स्थित घर भी रही। हालांकि परिवार से मिलवाने की बात लगातार टलती रही।2 फरवरी को उसने एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी उसे चिनहट के किराए के कमरे पर ले आया। तीन दिन तक साथ रहने के बाद दवा लाने का बहाना बनाकर घर से निकला और वापस नहीं लौटा।

फोन पर इनकार, मां-बेटी बेसहारा
युवती का आरोप है कि कई बार फोन करने पर आरोपी ने साफ कहा— “तुम मेरी पत्नी नहीं हो, जहां जाना है जाओ।” इसके बाद उसने फोन बंद कर लिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी के दोस्तों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने भी उसे ब्लॉक कर दिया। आर्थिक तंगी के कारण नवजात बच्ची के लिए दूध और जरूरी सामान खरीदना भी मुश्किल हो गया है। पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और मां को इस घटना की जानकारी नहीं है।

पुलिस में शिकायत, जांच जारी
युवती ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, आरोप गंभीर हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static