अवैध वसूली का विरोध करने पर टोल कर्मियों ने ट्रक ड्राइवर को जमकर पीटा, नाराज ड्राइवरों ने जमकर काटा हंगामा

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 07:32 PM (IST)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में लालगंज स्थित शिव गुलाम टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों की दबंगई का मामला सामने आया है। अवैध वसूली के विरोध पर टोल कर्मियों ने एक ट्रक ड्राइवर को लात-घूंसों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसका सिर फट गया। घायल ड्राइवर को मौके पर ही काफी चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल प्लाजा पर अतिरिक्त वसूली को लेकर कहासुनी के बाद कर्मियों ने ट्रक ड्राइवर पर हमला कर दिया। पिटाई के दौरान ड्राइवर का सिर फूट गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना से आक्रोशित अन्य ट्रक ड्राइवरों ने टोल प्लाजा पर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जाम खुलवाया। पुलिस ने घायल ड्राइवर को इलाज के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ट्रक चालकों का आरोप है कि शिव गुलाम टोल प्लाजा पर वसूली एजेंसी ने एक दर्जन से अधिक दबंग किस्म के लोगों को तैनात कर रखा है, जो आए दिन चालकों से अवैध वसूली करते हैं और विरोध करने पर मारपीट करते हैं। चालकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static