स्कूलों को धमकी देने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 01:16 PM (IST)
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई–मेल की जांच के दौरान एसटीएफ ने एक बड़े ऑनलाइन ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी को अंजाम दे रहे थे।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, स्कूलों को भेजा गया थ्रेट मेल अमेरिका (USA) से ओरिजिनेट हुआ था। हालांकि, तकनीकी जांच में सामने आया कि उससे जुड़ा रिकवरी ई–मेल भारत और बांग्लादेश से लिंक था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि संबंधित ई–मेल आईडी सेक्टर 62, नोएडा से लॉगिन की गई थी।
एसटीएफ ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन, 2 नेपाली पासपोर्ट, 1 नेपाली पैन कार्ड, नेपाली नागरिकता पहचान पत्र, क्रेडिट कार्ड और नकदी बरामद की है। थ्रेट मेल से जुड़ा रिकवरी ई–मेल इस्तेमाल करने वाला मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गैंग ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था। गिरोह मुख्य रूप से बांग्लादेश, नेपाल और अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल निवासी अमीष शामिल है, जिसने ऑस्ट्रेलिया से बीबीए का डिप्लोमा किया है। इसके अलावा दो अन्य आरोपी लेखनाथ और केदारनाथ काठमांडू, नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और फंड ट्रेल की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

