RPF जवान की आंख निकालने की धमकी देने वाले पार्सल अधीक्षक राजेश सिंह पर गिरी गाज, किए गए सस्पेंड

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 07:50 PM (IST)

मऊ: मऊ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवान से अभद्रता और धमकी देने के मामले में पार्सल अधीक्षक राजेश सिंह पर विभागीय कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद रेलवे प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। वायरल वीडियो में पार्सल अधीक्षक राजेश सिंह आरपीएफ जवान अमित कुमार यादव के साथ तीखी बहस करते और अपशब्दों का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कथित तौर पर धमकी भरे शब्द भी कहे गए, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो के सामने आते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि आरपीएफ जवान अमित कुमार यादव वर्तमान में विलासपुर के उलसा में तैनात हैं और अपने गृह जनपद मऊ (घोसी) आए हुए थे। वह विलासपुर से आए पार्सल को भेजने के लिए मऊ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, इसी दौरान पार्सल अधीक्षक से उनका विवाद हो गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू की गई। जांच के प्रारंभिक निष्कर्षों के आधार पर राजेश सिंह को निलंबित किया गया है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और कर्मचारियों के बीच दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static