सावन के पहले दिन CM Yogi ने किया रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया हवन
punjabkesari.in Friday, Jul 11, 2025 - 01:24 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सावन के पहले दिन शुक्रवार सुबह रुद्राभिषेक और हवन किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान जारी कर कहा कि रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर मुख्यमंत्री ने भगवान शंकर से चराचर जगत के कल्याण और सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया हवन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में भोले शंकर को विल्व पत्र, दूर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प समेत अनेकानेक पूजन सामग्री अर्पित करने के बाद जल, दूध और ऋतुफल के रस से रुद्राभिषेक किया। मठ के आचार्यगण और पुरोहितगण ने महामंत्रों से रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘देवाधिदेव महादेव के प्रिय श्रावण मास के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर आज गोरखनाथ मंदिर में विधि विधान से रुद्राभिषेक कर समस्त प्रदेश वासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।''
शान्ताकारं शिखरिशयनं नीलकण्ठं सुरेशं
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 11, 2025
विश्वाधारं स्फटिकसदृशं शुभ्रवर्णं शुभाङ्गम्।
गौरीकान्तं त्रितयनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यं
वन्दे शम्भुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्।।
देवाधिदेव महादेव के प्रिय श्रावण मास के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर आज @Gorakhnathmndr में विधि-विधान से रुद्राभिषेक… pic.twitter.com/3GwfuOXgbY
मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
सावन के प्रथम दिन काशी के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी ,काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों को क्रमबद्ध तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं। सावन महीने के मद्देनजर वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने बताया कि सावन के प्रथम दिवस पर मंदिर प्रांगण में स्थित भगवान विश्वनाथ, दंडपाणी, एवं भगवान बेकुंठठेश्वर के मंदिर शिखर के सामने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गयी। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने भी श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए।