काम दिलाने के बहाने विधवा महिला की 10 दिन तक लूटी आबरू, गला दबाकर जंगल में फेंका...मासूम बच्चा बेच डाला
punjabkesari.in Wednesday, Jan 04, 2023 - 07:01 PM (IST)

आगरा: यूपी सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भले ही बड़े बड़े दावों में दम भरती नजर आती है, लेकिन इसकी जमीनी हकीकत इससे मुंह चिड़ाती नजर आ रही है। ताजा मामला आगरा का है। जहां काम दिलाने के बहाने चुनार की 26 वर्षीय एक विधवा महिला को कुछ लोग आगरा ले गए और उसका सौदा कर दिया। महिला के साथ उसका ढाई साल का बेटा भी था। महिला को खरीदने वाले तीन आरोपितों ने दस दिन तक होटल में रखकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर 30 दिसंबर को उसकी हत्या करने की नीयत से गमछे से गला कसकर आरोपितों ने उसे मृत समझकर जंगल में फेंक दिया। महिला को जब होश आया तो वह किसी तरह थाने पहुंची। इस मामले में पुलिस ने चार नामजद व चार अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दरअसल, मिर्जापुर के चुनार थाने के काशीराम आवास निवासी महिला को काम दिलाने के नाम पर आगरा ले जाने वालों ने उसे बेच दिया। इसके बाद तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म कर मारपीट कर जंगल में फेंक दिया। वहां से किसी तरह महिला पता पूछकर अपने घर आई। मंगलवार को महिला का मेडिकल कराया गया। मेडिकल के बाद महिला ने तीन लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। वहीं अपहरण और मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज कर महिला के बच्चे और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम आगरा आई।
चुनार थाने के काशीराम आवास निवासी महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पति का निधन हो गया है। उसे काम दिलाने के नाम पर कांशीराम आवासीय कालोनी के चार लोग 20 दिसंबर को आगरा ले गए। वहां एक होटल में लोग उसे बेचने की बात कर रहे थे। तीन लाख रुपये में उसे बेच दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसे बेचने के बाद उसके बच्चे को साथ लेकर चले गए। इसके बाद तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करके उसे मारपीट कर जंगल में फेंक दिया। किसी तरह से ट्रक वाले की मदद लेकर पता पूछकर घर आई। उसका ढाई वर्ष का बच्चा आरोपियों के कब्जे में है।
बच्चे की तलाश में टीम आगरा रवाना...
मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर कांशीराम आवासीय कालोनी निवासी ऊषा गोड़, रामबाबू सोनकर, इशू सोनकर, मोनू और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश में टीम आगरा रवाना किया। चुनार पुलिस टीम मंगलवार आगरा आई। विधवा को कहां रखा गया, इसकी निशानदेही के लिए आरोपितों को अपने साथ लाई थी। करीब पांच घंटे तक टीम ने ट्रांस यमुना और रामबाग समेत आसपास के इलाके की खाक छानी। जिसके बाद उसे पता चला कि ट्रांस यमुना कालोनी के एक होटल में विधवा को लाकर रखा गया था।
ढाई वर्षीय पुत्र का आरोपितों ने किया सौदा
पुलिस ने यमुना पार इलाके के दो लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा। बताया जाता है कि दोनों चुनार से आए आरोपितों के संपर्क में थे। उनसे पूछताछ करने पर पता चला कि विधवा के ढाई वर्षीय पुत्र का आरोपितों ने सौदा कर दिया है। उसे गुरुग्राम की रहने वाली किसी महिला को बेचा गया है। महिला को आगरा में ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के होटल में रखा गया था। आरोप है कि यहां होटल में उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपितों ने उसके ढाई वर्ष के मासूम पुत्र का भी सौदा कर दिया। पुलिस इसे मानव तस्करी का मामला भी मान रही है। चुनार पुलिस ने आगरा से दो लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। मासूम की बरामदगी के लिए टीम गुरुग्राम रवाना हो गई है।