यूपी में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल; सबसे गर्म रहा आगरा...45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लू के लिए अलर्ट जारी

punjabkesari.in Saturday, May 18, 2024 - 10:05 AM (IST)

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में अब भीषण गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। तेज धूप और हीट वेव ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। कल यानी शुक्रवार को तो प्रदेश में पारा 46.9 डिग्री तक पहुंच गया। गर्मी ने अपना पूरा असर दिखाया। प्रदेश के कई इलाकों में लू चली तो कई इलाकों में लू जैसे हालात बने रहे। प्रदेश का सबसे गर्म शहर आगरा रहा, यहां पर दोपहर में तापमान 46 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसी बीच मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। साथ ही विभाग ने लू का प्रकोप बढ़ने की भी चेतावनी दी है और अलर्ट जारी किया है।

तेज गर्म हवाएं हाल करेगी बेहाल
मौसम विभाग के मुताबिक, अब पूरा प्रदेश लू की चपेट में आ गया है। गर्मी लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में तपिश और बढ़ेगी। 21 मई तक तेज गर्म व शुष्क हवाएं बेहाल करती रह सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक हो सकती हैं। हालांकि 21 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

लू के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में लू का प्रकोप बढ़ेगा। 18 और 19 मई को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थान पर लू चलेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रात होने के भी आसार हैं। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 20, 21 और 22 मई को लू का असर और बढ़ सकता है, इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

गर्मी बढ़ने से बढ़ रही बीमारियां
प्रदेश में बढ़ती गर्मी के साथ बीमारियां भी बढ़ रही है। वायरल फीवर, डायरिया और पेट दर्द के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने सुबह 11 से शाम चार बजे तक बाहर ना निकलने की सलाह दी है। हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static