PM मोदी ने संघर्ष प्रभावित यूक्रेन से भारतीय छात्रों की वापसी में मदद की: राजनाथ सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Apr 03, 2024 - 04:18 PM (IST)

गाजियाबाद: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस, यूक्रेन और अमेरिका के नेताओं से बात करने के बाद यूक्रेन में फंसे 22,500 भारतीय छात्रों की वापसी में मदद की। यह काम दुनिया का कोई दूसरा नेता नहीं कर सका। सिंह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "भारत एक शक्तिशाली देश बन गया है। दुनिया भारत को गंभीरता से नहीं लेती थी, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने चमत्कार कर दिखाया है। आज जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोलता है तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है। यह भारत की प्रतिष्ठा है जो तेजी से बढ़ी है।" 

पिछले दो साल से चल रहे रूस-यूक्रेन संघर्ष का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, "करीब 25,000 भारतीय छात्र यूक्रेन में पढ़ रहे थे। उनके माता-पिता ने हमारे प्रधानमंत्री से मांग की कि बच्चों को वापस लाया जाए...भारत में हर माता-पिता चिंतित थे।" उन्होंने कहा, "जो दुनिया का कोई भी प्रधानमंत्री नहीं कर सका, वह हमारे प्रधानमंत्री ने किया। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को फोन किया। इतना ही नहीं, उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी बात की, जिसे सबसे शक्तिशाली देश माना जाता है।" सिंह ने दावा किया, "भाइयों और बहनों, आपको गर्व होना चाहिए कि साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध रुका और 22,500 से अधिक भारतीय बच्चे यूक्रेन से वापस आए। यह भारत है।" 

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प लिया है कि भारत अब गरीब देशों में नहीं गिना जाएगा और 2047 तक यह दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। उन्होंने कहा, "आपने अखबारों में पढ़ा होगा कि भारत के बारे में एक धारणा थी कि यह एक गरीब और कमजोर देश है। यह एक वैश्विक धारणा थी लेकिन मोदी ने नौ साल में जो चमत्कार किया है..., आपको गर्व होगा कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं।" केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कभी-कभी भाजपा के विरोधी गरीबी के आंकड़ों को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन उन्हें पिछले नौ वर्षों में लाए गए परिवर्तनों के बारे में नीति आयोग और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय फर्मों के आंकड़ों की जांच करनी चाहिए। 

दुनिया भर में कोविड रोधी टीके उपलब्ध कराने में भारत की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सभी देशों के प्रमुख मानते हैं कि 21वीं सदी भारत की है। सिंह भाजपा के गाजियाबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवार अतुल गर्ग के समर्थन में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने 2009 में इसी सीट से लोकसभा चुनाव जीता था, लेकिन 2014 में लखनऊ चले गए थे। गाजियाबाद में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा और यहां 29 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static