श्रीकांत की पत्नी को प्रताड़ित करने वाले पुलिसकर्मी हों निलंबित: रालोद
punjabkesari.in Tuesday, Aug 16, 2022 - 05:32 PM (IST)

लखनऊः राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के महासचिव त्रिलोक त्यागी ने नोएडा में महिला के साथ अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी की पत्नी और अन्य महिलाओं को पूछताछ के बहाने प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की है। त्यागी ने कहा कि भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी ने एक महिला के साथ अभद्रता की है जिसके लिए कानून अपना काम कर रहा है और इस पर उसकी पार्टी को कोई एतराज नहीं है। मगर श्रीकांत की पत्नी और मामी को पूछताछ के बहाने बेवजह रात भर थाने पर बैठाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाता है।
श्रीकांत त्यागी प्रकरण को पुलिस ने जानबूझ कर उछाला
त्यागी ने कहा कि श्रीकांत त्यागी प्रकरण को पुलिस ने जानबूझ कर उछाला। एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया, जैसे वह कोई आतंकवादी हो। वहीं गिरफ्तारी पर इनाम बांटा गया, जबकि सच्चाई यह है कि श्रीकांत ने सरेंडर किया था। उन्होंने कहा कि श्रीकांत जैसे हजारों लोग भाजपा में अभी भी हैं, जो पार्टी का झंडा और हूटर लगाकर जनता के बीच रौब झाड़ते हैं।
महिलाओं को रातभर थाने में बैठाकर प्रताड़ित करती है पुलिसः रालोद
रालोद महासचिव ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालकिले की प्राचीर से महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की पुलिस महिलाओं को रातभर थाने में बैठाकर उन्हें प्रताड़ित करती है। पार्टी की मांग है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए, वरना उनकी पार्टी भावी रणनीति बनाने पर विवश होगी।
क्या है मामला?
गौरतलब है कि, नोएडा में 5 अगस्त को ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में एक महिला से अभद्रता करने के मामले में नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को 9 अगस्त को सुबह मेरठ से तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था। सूरजपुर कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।