Pragya Thakur's controversial statement: 'बेटी कहना न माने तो उसकी टांगें तोड़ दो', प्रज्ञा ठाकुर ने कहा- मारना भी पड़े तो पीछे मत हटो
punjabkesari.in Sunday, Oct 19, 2025 - 05:45 PM (IST)
Pragya Thakur's controversial statement: अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाली बीजेपी की पूर्व सांसद और भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर विवादि बयान दिया है। जो कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक कार्यक्रम में कहा “हमारी लड़की अगर हमारा कहना नहीं मानती, अगर लड़की किसी विधर्मी के यहां जाने का प्रयास करती है तो उसकी टांगे तोड़ने में कसर मत छोड़ना।” उन्होंने आगे कहा कि “जो संस्कारों को नहीं मानती हैं, जो बातों से नहीं मानती, उसे प्रताड़ना भी देनी पड़ती है। अपनी संतान है, उसे मारना पड़े तो पीछे मत हटना।”
सोशल मीडिया पर बयान वायरल
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कई यूजर्स ने इसे महिला अधिकारों और कानून की अवहेलना बताया है, जबकि उनके समर्थक इसे “संस्कारों की रक्षा” के रूप में देख रहे हैं। साध्वी प्रज्ञा ने अपने बयान को परिवार और संस्कृति के हित में बताते हुए कहा कि “माता-पिता का लक्ष्य बेटी के भले के लिए होता है और उसे सही मार्ग पर लाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।”
सामाजिक संगठनों ने बयान की निंदा की
कई महिला अधिकार संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता इस बयान की निंदा कर चुके हैं। उनका कहना है कि किसी भी तरह का दबाव, धमकी या शारीरिक सख्ती किसी के व्यक्तिगत अधिकारों के खिलाफ है। वहीं, कुछ लोग इसे परिवार की परंपरागत भूमिका और बच्चों की सुरक्षा के संदर्भ में देख रहे हैं। इस पूरे विवाद ने एक बार फिर समाज में लव जिहाद और पारिवारिक नियंत्रण को लेकर बहस को हवा दे दी है। साध्वी प्रज्ञा का यह बयान चुनावी और सामाजिक विमर्श दोनों के लिए विवादित विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक और कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।

