चित्रकूट में महिलाओं से संवाद करेंगी प्रियंका

punjabkesari.in Tuesday, Nov 16, 2021 - 05:35 PM (IST)

लखनऊ, 16 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा बुधवार को चित्रकूट में महिलाओं के साथ संवाद करेंगी।

कांग्रेस के प्रांतीय प्रवक्ता उमा शंकर पांडेय ने मंगलवार को यहां बताया कि प्रियंका गांधी वाद्रा चित्रकूट के रामघाट में बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' कार्यक्रम में संवाद करेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी दुर्दशा के दौर से गुजर रहे उत्तर प्रदेश के लिए आशा की एक नई किरण लेकर आई हैं और उन्हें लेकर प्रदेश की महिलाओं और लड़कियों में बहुत उत्साह और उम्मीद का माहौल है। उन्होंने कहा कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' के नारे ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के एक प्रतीक का रूप ले लिया है।

पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में जिस तरह से अपराध बढ़ रहा है, उसका सबसे ज्यादा बुरा असर महिलाओं पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने महिला सशक्तिकरण के लिए एक मुकम्मल योजना तैयार की है। इसके तहत आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तरफ से 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए जाने का ऐलान पहले ही किया जा चुका है। इसके अलावा कांग्रेस के सत्ता में आने पर छात्राओं को स्कूटी और स्मार्टफोन भी देने का वादा किया गया है। इसके अलावा सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा का वादा भी किया गया है।’’
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि यह केवल वादे नहीं बल्कि प्रियंका गांधी वाद्रा के अपने निर्णय हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की महिलाएं भाजपा के कुशासन का खात्मा करेंगी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News

static