विधानभवन घेरने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2020 - 08:10 PM (IST)

लखनऊ, पांच नवम्बर (भाषा) उत्तर प्रदेश में बढ़ती महंगाई, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों और धान खरीद में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार को विधानभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश में बिजली के बढ़े दाम, बेतहाशा बढ़ती महंगाई, महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोत्तरी और धान की खरीद में व्याप्त जबर्दस्त भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर राजधानी के परिवर्तन चौक से चलकर विधान भवन का घेराव करने जा रहे थे।

उन्होंने कहा कि रास्ते में पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में उनमें से 25 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी को देर शाम रिहा कर दिया गया।

इस बीच, पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता बिना इजाजत के विधानभवन का घेराव करने जा रहे थे। उन्हें ऐसा करने से रोका गया मगर नहीं मानने पर उनके खिलाफ हल्का बल प्रयोग किया गया है।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक कृत्य करार देते हुए उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग की है।

उन्होंने एक बयान में कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतर आयी है। मगर कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों, किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी आवाज उठाती रहेगी। पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

लल्लू ने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि वह सम्पूर्ण विपक्ष की आवाज को पुलिस की लाठी और गोली के दम पर दबाना चाहती है। पूरे प्रदेश में अराजकता है। मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के नाम पर करोड़ों रुपये विज्ञापन पर खर्च कर मिशन शक्ति की शुरूआत की है, मगर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराधों में बाढ़ आ गयी है।

उन्होंने इल्जाम लगाया कि प्रदेश सरकार के मंत्री और मुखिया पीड़िता के बजाए आरोपियों के पक्ष में खड़े हैं और बयानबाजी कर रहे हैं जिससे बलात्कारियों के हौसले बुलन्द हैं। किसान क्रय केन्द्रों पर व्यापक भ्रष्टाचार व्याप्त है। मंहगाई से आम जनता त्रस्त है और योगी सरकार की कार्रवाई सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रह गई है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Related News

static