Punjab Politics: पंजाब के CM भगवंत मान का बड़ा बयान,कहा- मुख्तार अंसारी पर खर्च हुए रुपए अमरिंदर सिंह से वसूलेगी पंजाब सरकार
punjabkesari.in Tuesday, Jul 04, 2023 - 02:53 PM (IST)

Punjab Politics: पंजाब के सीएम भगवंत मान और पूर्व की कांग्रेस सरकार में उप-मुख्यमंत्री रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा के बीच सोमवार को दिनभर जमकर बयानबाजी हुई। इस दौरान भगवंत मान ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान रोपड़ की जेल में गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी के रहने पर खर्च हुए 55 लाख रुपए की वसूली वह पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और तत्कालीन जेल मंत्री सुखजिंदर रंधावा से करेगें। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अगर सिंह अब भाजपा नेता और रंधावा कांग्रेस विधायक पैसे का भुगतान नहीं करते हैं तो उनकी पेंशन और अन्य सुविधाएं रोक दी जाएंगी।
मुख्तार पर किए गए खर्च का भुगतान पंजाब सरकार के खजाने से नही किया जाएगा: सीएम भगवंत मान
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम भगवंत मान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार आगे आरोप लगाया कि उसने गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के जेल में रहने के दौरान उसे कई सुविधाएं उपलब्ध कराईं। सीएम ने रविवार को ट्वीट भी किया था कि उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को पंजाब की जेल में रखने और दोस्ती निभाने के लिए उसका मुकदमा उच्चतम न्यायालय में लड़ने पर खर्च हुए 55 लाख रुपए का भुगतान पंजाब सरकार के खजाने से नहीं किया जाएगा।
जनवरी 2019 से अप्रैल 2021 तक रूपनगर की जेल में रखा गया था मुख्तार अंसारी
आपको बता दें कि पंजाब के मोहाली में दर्ज जबरन वसूली के एक मामले में गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को जनवरी 2019 से अप्रैल 2021 तक रूपनगर की जेल में रखा गया था। फिलहाल, इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार को मुख्तार अंसारी की हिरासत यूपी पुलिस को सौंपने का निर्देश दिया था। शीर्ष अदालत ने इस पर भी गौर किया था कि चिकित्सीय मुद्दों की आड़ में मामूली आधार पर अंसारी को उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत में देने से इनकार किया था, लेकिन बाद में मुख्तार को यूपी की बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया था।