राधारानी के ब्रज की रज से होगा राजा राम की नगरी में ‘भूमि पूजन''

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2020 - 10:29 AM (IST)

आगरा/मथुराः राजा राम की नगरी अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण के लिए 5 अगस्त को होने वाले भूमि पूजन की मिट्टी में राधारानी के ब्रज की रज भी महकेगी। इसके लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ब्रज के विभिन्न तीर्थस्थलों से मिट्टी इकट्ठा कर रहा है। विहिप ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि आगरा के बटेश्वर तीर्थ और ग्वाल बाबा मंदिर समेत ब्रज के 15 जिलों के प्राचीन मंदिरों से जल और मिट्टी अयोध्या ले जाएंगे।

इसके साथ ही आगरा के प्रमुख गुरुद्वारा गुरु का ताल सिहत 5 गुरुद्वारों से भी विहिप ने राम मंदिर निर्माण के लिए रज (मिट्टी) ली है। मंदिर निर्माण को लेकर यहां सिख समाज में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। गुरुद्वारा गुरु के ताल के प्रमुख सिख धर्म गुरु बाबा प्रीतम सिंह ने कहा कि सिख समाज ने कलश में गुरुद्वारा की रज भरकर विश्व हिन्दू परिषद् को दी है और राम मंदिर निर्माण के लिए बधाई दी है। सिख धर्म गुरु बाबा प्रीतम सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर सिख समाज काफी खुश है।

फतेहपुर सीकरी के प्रसिद्ध तालवाले हनुमान मंदिर से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मिट्टी इकट्ठी की है। महंत गंगादास पुजारी ने मंदिर की मिट्टी उन्हें सौंपी। इस दौरान विधि-विधान से पूजा भी की गई। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव, भगवान भोले की नगरी से भी विश्व हिंदू परिषद ने रज ली है। ब्रह्मलाल महाराज मंदिर के गोस्वामी महेंद्रनाथ ने कहा कि यह सौभाग्य है कि बटेश्वर की रज भी श्रीराम के भव्य मंदिर के भूमि पूजन के लिए ले जाई जा रही है। वहीं मथुरा में धर्म रक्षा संघ ने ब्रज रज से निर्मित रजत शिला का पूजन किया। इस पूजन में वर्चुअल तरीके से भाजपा सांसद हेमा मालिनी भी शामिल हुईं।

उन्होंने कहा कि ब्रजवासियों की ओर से ब्रज की रज और ब्रज के कुंडों का जल अयोध्या श्रीराम लला के नवनिर्मित मंदिर के लिए जाएगा। यह सभी ब्रज वासियों के लिए गौरव की बात है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static