11 जून को अमेठी दौरे पर राहुल और प्रियंका गांधी, ''धन्यवाद समारोह'' के स्थान में हुआ बदलाव

punjabkesari.in Monday, Jun 10, 2024 - 03:31 PM (IST)

Amethi News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के 11 जून को अमेठी दौरे पर रहेंगे। यहां पर जीत हासिल करने के बाद उनका पहला दौरा है। वह यहां पर पहुंचकर 'धन्यवाद समारोह' में शामिल होंगे और जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त करेंगे। इस 'धन्यवाद समारोह' के स्थान में बदलाव किया गया है। अब यह कार्यक्रम अमेठी के तिलोई विधानसभा क्षेत्र के हिमाचल का पुरवा की जगह रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में होगा।  

भीषण गर्मी को देखते बदला स्थान
जानकारी के मुताबिक, 'धन्यवाद समारोह' का यह कार्यक्रम अब अमेठी के तिलोई विधानसभा क्षेत्र के हिमाचल का पुरवा की जगह रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में होगा। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमेठी प्रदीप सिंघल ने बताया कि मंगलवार 11 जून को अमेठी में फुरसतगंज के नजदीक हिमाचल का पुरवा में अपराह्न तीन बजे 'धन्यवाद समारोह' आयोजित होना था मगर भीषण गर्मी को देखते हुए इसके स्थान में बदलाव किया गया है। अब यह समारोह रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित होगा। जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और अमेठी से नवनिर्वाचित सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस ने भाजपा से छीन ली है अमेठी सीट
हाल ही में सम्पन्न लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने रायबरेली की सीट बरकरार रखी, वहीं अमेठी सीट भाजपा से छीन ली है। लम्बे समय तक पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रतिनिधित्व वाली रायबरेली सीट पर इस बार राहुल गांधी ने चुनाव लड़ा और तीन लाख 90 हजार से ज्यादा मतों से जीत हासिल की। दूसरी ओर, अमेठी में नेहरू गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को एक लाख 67 हजार से अधिक मतों से पराजित करके यह सीट एक बार फिर कांग्रेस की झोली में डाल दी। इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से छह पर जीत हासिल हुई जबकि बाकी 11 स्थानों पर उसके पार्टी प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static