बारिश से गंडक नदी का बढ़ा जलस्तर, कुशीनगर में मंडराने लगा बाढ़ का खतरा
punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2019 - 12:46 PM (IST)

कुशीनगरः नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र में लगातार हुई भारी बारिश से गंडक नदी का जल स्तर बढ़ गया है, जिससे कुशीनगर में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। वाल्मीकिनगर बैराज पर नदी का डिस्चार्ज बढ़ने से लोगों की नींद हराम हो गई है।
खड्डा के भैंसहा गेज पर खतरे के निशान 96 मीटर के सापेक्ष नदी 95.60 मीटर पर बह रही है। शनिवार सुबह 10 बजे बैराज पर नदी का जलस्तर 2 लाख, 2 हजार, दोपहर 12 बजे 2 लाख, 42 हजार, दोपहर बाद एक बजे 2 लाख, 78 हजार क्यूसेक पानी बढ़ गया है। नदी का डिस्चार्ज बढ़ने से रेता क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह जल स्तर बढ़ता रहा तो देर शाम तक रेता क्षेत्र के निचले इलाके के आधा दर्जन गांवों में पानी घुस जाएगा। वहीं 2 बजे के बाद नदी के जलस्तर में कमी दर्ज की जाने लगी।