सेना के जवान से मारपीट के बाद बदला पूरा माहौल, अब टोलकर्मी कर रहे सलाम – वायरल वीडियो ने जीता सबका दिल!
punjabkesari.in Friday, Aug 22, 2025 - 07:53 AM (IST)

Meerut News: अक्सर टोल प्लाजाओं पर मारपीट और विवाद की खबरें सुनने को मिलती हैं, लेकिन हाल ही में मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर सेना के एक जवान के साथ हुई मारपीट ने सबको हिला कर रख दिया। इस घटना ने लोगों के दिलों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने तेज कार्रवाई की और टोल कर्मियों के साथ-साथ टोल एजेंसी के खिलाफ भी कदम उठाए गए। अब मेरठ के अन्य टोल प्लाजाओं पर इसका साफ असर देखने को मिल रहा है।
सेना के जवानों को मिल रहा सम्मान
भूनी टोल प्लाजा की घटना के बाद बीते बुधवार को मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर स्थित काशी टोल प्लाजा पर सेना के जवानों के प्रति सम्मान का एक खास नजारा देखने को मिला। टोल कर्मियों ने सेना के हर वाहन को सलामी दी और जवानों का सम्मान किया। यह सम्मान सिर्फ काशी टोल प्लाजा तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि मेरठ के दूसरे टोल प्लाजाओं पर भी ऐसा ही सम्मान देखने को मिला। यात्रियों ने भी टोल कर्मियों की इस पहल की खूब तारीफ की है।
मेरठ टोल प्लाजा पर टोल कर्मी सेना के काफ़िले को सैल्यूट कर रहे हैं!
— Vishal JyotiDev Agarwal 🇮🇳 (@JyotiDevSpeaks) August 21, 2025
भारतीय सेना ने अपने कार्यों से यह सम्मान अर्जित किया है!
जय हिंद 🇮🇳pic.twitter.com/uRd6yzxuuj
क्या थी पूरी घटना?
कुछ दिन पहले मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान कपिल के साथ मारपीट हुई थी। कपिल जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं और छुट्टियां बिताकर ड्यूटी पर लौट रहे थे। टोल पर लंबी लाइन होने के कारण उन्होंने जल्दी निकलने का अनुरोध किया, जिससे विवाद हो गया। टोल कर्मियों ने कपिल को खंभे से बांधकर पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में गुस्सा फैल गया।
कार्रवाई और जुर्माना
वायरल वीडियो के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 6 टोल कर्मियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल एजेंसी पर 20 लाख रुपए का भारी जुर्माना लगाया और उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।