PM मोदी के बेहद करीबी रिटायर्ड IAS ने थामा BJP का दामन, सरकार में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

punjabkesari.in Friday, Jan 15, 2021 - 11:46 AM (IST)

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी माने जाने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा ने गुरूवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता हासिल की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शर्मा को पार्टी मुख्यालय में एक सादे समारोह में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा मौजूद थे। गुजरात कैडर के शर्मा ने हाल ही में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद शर्मा ने कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे गंभीरता व निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वह मऊ जिले के एक पिछड़े गांव से ताल्लुक रखते है और उन जैसे सामान्य व्यक्ति को अपने साथ काम करने का मौका भाजपा और नरेंद्र मोदी जैसा विराट व्यक्तित्व ही दे सकता है। वह इसके लिये पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।       

इस मौके पर सिंह ने कहा कि पार्टी को शर्मा की कार्यक्षमता और कर्मठता से नई दिशा और गति मिलेगी। पार्टी सूत्रों का मानना है कि मोदी के विश्वासपात्र होने के नाते शर्मा को संगठन अथवा सरकार में बड़ी जिम्मेदारी से नवाजा जा सकता है। फिलहाल उनके विधान परिषद प्रत्याशी के तौर पर चुने जाने के कयास लगाये जा रहे हैं।

बता दें कि अरविंद शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के एक गांव के रहने वाले हैं। वह गुजरात कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। करीब 20 सालों तक उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम किया है। गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान साल 2001 से साल 2013 के बीच अरविंद शर्मा सीएम कार्यालय में काम करते रहे हैं। जब नरेंद्र मोदी साल 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने तो अरविंद शर्मा इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में पोस्टेड हो गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static