Saharanpur Flood: CM योगी बाढ़ प्रभावित इलाकों का आज करेंगे हवाई सर्वेक्षण, पीडि़तों से राहत शिविर में करेंगे मुलाकात

punjabkesari.in Friday, Jul 14, 2023 - 03:27 AM (IST)

Saharanpur Flood: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला प्रशासन ने गुरुवार को बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों के हालात का जायजा लेने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हवाई सर्वेक्षण करेंगे और बाढ़ पीडि़तों से राहत शिविर में मुलाकात करेंगे। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर एक बजे सहारनपुर आ रहे है। मुख्यमंत्री सहारनपुर में बाढ प्रभावित और जल भराव की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ-साथ राहत शिविर का निरीक्षण करेंगे। वह करीब दो घंटे नगर में रूकेंगे।
PunjabKesari
एक बजकर 20 मिनट पर सरसावा हवाई अड्डे पर उतरेंगे CM
जिलाधिकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री हवाई जहाज से एक बजकर 20 मिनट पर सरसावा हवाई अड्डे पर उतरेंगे, जहां से हैलीकाप्टर से वह पुलिस लाइन पहुंचेगे। मुख्यमंत्री सरसावा से सहारनपुर आने-जाने के दौरान जल भराव और बाढ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। पुलिस लाइन से वह जैन कालेज में बने बाढ प्रभावितों के लिए बनाए गए शिविर में जाएंगे। जहां वह शिविरार्थियों से बातचीत कर नुकसान का जायजा लेंगे और वहां की व्यवस्था देखेंगे। इस शिविर में करीब 110 लोग रूके हुए है।
PunjabKesari
भारी बारिश के दौरान करीब 5-6 लोगों की पानी में डूबने से मौत
मेयर डा. अजय सिंह के मुताबिक सहारनपुर नगर में पांवधोई नदी और ढमोला नदी में आई बाढ से नगर की 13-14 कालोनियों में जल भराव हो गया था। वहां से ढाई हजार लोगों को निकालकर 13 शिविरों में रखा गया। बृहस्पतिवार को स्थिति कुछ सामान्य होने पर कुछ लोग शिविरों से अपने घरों को लौट गए। जिले में पांच दिनों की भारी बारिश के दौरान करीब पांच-छह लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई और नागल क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला सरला देवी का कच्चा मकान जमींदोज हो गया और मलबे में दबकर उनकी मौत हो गई थी। बंहेट क्षेत्र में जल भराव से हजारों किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है। यमुना नदी के किनारे के कई गांवों में भी जल भराव रहा।

सहारनपुर के कांवड मार्गों का भी अवलोकन करेंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर के कांवड मार्गों का भी अवलोकन करेंगे। वह पुलिस लाइन में जन प्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासिनक अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद करीब तीन बजे हैलीकाप्टर से सरसावा और वहां से हवाई जहाज से लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के सहारनपुर दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा के कडे बंदोबस्त रहेंगे। प्रशासिनक अफसर गुरुवार पूरे दिन उनके दौरे की व्यवस्थाओं में व्यस्त रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static