सहारनपुर में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बरसाती नदी में गिरी, 4 की मौत; कई अब भी लापता
punjabkesari.in Thursday, Aug 24, 2023 - 01:57 AM (IST)

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के गागलहेडी क्षेत्र में बुधवार शाम श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली बरसाती नदी में पलट गयी। इस हादसे में नदी में कई लोग डूब गये जिनमें चार के शव मिल गये है जबकि कुछ की तलाश की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में 40 से 50 लोग सवार थे।
रेस्क्यू टीम तलाश में जुटी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के बालेली गांव से ग्रामीण दूसरे गांव रंडोल अपनी रिश्तेदारी में म्हाडी की चाब (कंदूरी) लेकर जा रहे थे कि बोंदकी गांव के पास ट्राली बरसाती नदी में पलट गई। पानी के तेज बहाव में लोग बह गए। हादसे में दो बच्चों समेत 4 लोगों की मौत गई। ट्रैक्टर-ट्राली में करीब 50 लोग सवार थे। इनमें कई लोग अभी तक लापता हैं। रेस्क्यू टीम उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा
पुलिस ने मृतकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए और घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि नदी में अभी भी लगभग 10 से 12 लोग लापता हैं। पुलिस व राहत टीम उनकी तलाश कर रही है। इस मामले पर डीएम डॉ दिनेश चन्द्र ने बताया कि यह बहुत दुखद घटना है, प्रशासन पीड़ित परिवारों की हर तरीके से मदद करने में लगा है। लापता लोगों को ढूंढा जा रहा है। पुलिस प्रशासन के साथ नगर नगर की टीम रेस्क्यू कर रही है। क्रेन की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे में सुलोचना (58), मंगलेश (50), अदिति (3) और एक 12 साल की लड़की की मौत हो गई है। बाकी लोगों को रेस्क्यू टीम तलाश कर रही है, जिनका अभी तक भी पता नहीं चला है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस प्रशासन के साथ ग्रामीण भी रेस्क्यू में मदद कर रहे हैं। मरने वाले 2 एक ही परिवार के हैं।