चौरी चौरा से भाजपा विधायक सरवन निषाद ने जताया जान का खतरा, कहा- जेल से रची जा रही फंसाने की साजिश
punjabkesari.in Sunday, Sep 04, 2022 - 09:49 AM (IST)

गोरखपुर: निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के प्रदेश संयोजक और भाजपा से चौरीचौरा से विधायक ई. सरवन निषाद ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाने की साजिश जेल से रची जा रही है। इसके पीछे कुछ बाहुबली लोग हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि जेल में बंद कुछ अपराधियों के पास फोन है। विधायक तक एक कॉल रिकॉर्डिंग पहुंची भी है जिसे पुलिस को सौंप दिया है। भाजपा विधायक ने बताया कि फोन करने वाला व्यक्ति अपना नाम धर्मवीर यादव बता रहा है। उसने लहसड़ी निवासी सुधीर साहनी को फोन किया।
फोन करने वाले ने अपना नाम धर्मवीर यादव बताया। उसने फोन पर सुधीर को बताया कि उसकी हत्या हो सकती है। इस हत्या की साजिश विधायक रच रहे हैं। फोन करने वाले व्यक्ति ने दो लोगों की हत्या करने का भी दावा किया। उसने यह भी दावा किया कि वह जेल में बंद है। जेल से ही फोन कर रहा है। भाजपा विधायक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया। धर्मवीर यादव ने जिस व्यक्ति को फोन किया था जो उनका समर्थक है। उसी ने यह कॉल रिकॉर्डिंग सौंपी है।
उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी है। उन्हें कॉल रिकॉर्डिंग सौंप दिया है। इस मामले में रविवार को लखनऊ में डीजीपी से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने अंदेशा जताया कि निषाद पार्टी के बढ़ते प्रभाव से लोग घबरा गए हैं। ऐसे में इस प्रकार की साजिश की जा रही है। इसमें धर्मवीर यादव तो एक मोहरा है। इसके पीछे बड़े लोगों का हाथ हो सकता है। उन्होंने मामले की स्पेशल टास्क फोर्स से जांच कराने की भी मांग की।