BJP की बढ़ती हुई लोकप्रियता को देख विपक्ष ने बनाया स्वार्थी राजनीति का गठबंधन: चौधरी
punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2023 - 03:10 AM (IST)

Mau News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा की बढ़ती हुई लोकप्रियता को देखते हुए विपक्ष ने अपराध, भ्रष्टाचार और स्वार्थी राजनीति का गठबंधन बनाया है।
संगठित अपराध और अपराधी अब घुटनों के बल
घोसी विधानसभा क्षेत्र में चौधरी ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं से बातचीत में दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है। संगठित अपराध और अपराधी अब घुटनों के बल आ गये है। दुर्दांत अपराधी मिट्टी में मिल चुके है। भाजपा की बढ़ती हुई लोकप्रियता को देखते हुए विपक्ष ने अपराध, भ्रष्टाचार और स्वार्थी राजनीति का गठबंधन बनाया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही भाजपा का बूथ कार्यकर्ता मैदान में उतरेगा, विपक्षी गठबंधन को ध्वस्त करके उनकी उम्मीदों को धराशाई कर देगा। आमजनमानस का विश्वास पीएम नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अटल और अडिग है। कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी में लगे हुए हैं।
चौधरी ने कहा कि प्रदेश में सकारात्मक, विकासपरक तथा भयमुक्त वातावरण चल रहा है। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के मजबूत आधारस्तंभ हैं। सरकार की जनहितकारी योजनाएं हमारे कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होने आह्वाहन किया की बूथ के कार्यकर्ता अपने अपने बूथ के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं से सम्पर्क करके सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं और नीतियां पहुंचायें तथा प्रत्येक मतदाता को मतदान केन्द्र पहुंचाने की जिम्मेदारी के साथ काम करें।