यूपी में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर, अगले 24 घंटे होंगे बेहद अहम... IMD का अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Nov 26, 2025 - 01:50 PM (IST)
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है और प्रदेश के कई जिलों में कोहरे की चादर फैल गई है। मौसम विभाग के मुताबिक बर्फीली हवाओं के चलते तापमान लगातार गिर रहा है और आने वाले 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इस दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार से ठंड का असर और तेज़ महसूस होगा। कई जिलों में दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है।
IMD का अलर्ट
मौसम विभाग ने मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, रामपुर, बिजनौर, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की चेतावनी जारी की है। हालांकि दिन बढ़ने के साथ मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।
बर्फीली पछुआ हवाओं का असर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने के बाद उत्तर-पश्चिमी दिशा से तेज़ शुष्क हवाएं मैदानों तक पहुंच रही हैं। ये हवाएं वातावरण की नमी कम करके तापमान को तेजी से गिरा रही हैं। इसी कारण पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम बना हुआ है।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले 48 घंटों तक इसी तरह की ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

