भाजपा का व्यापारी विरोधी चेहरा उजागर करेगी साप, बनाई ये रणनीति
punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 07:23 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी की व्यापार सभा की आज हुई बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का व्यापारी विरोधी चेहरा जनता के सामने उजागर करने की रणनीति बनायी गयी। यहां स्थित कैंप कार्यालय में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में फैसला हुआ कि सोने के जेवर पर ई वे बिल, जीएसटी के तहत ईडी को लगाना, खनन पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाना, जटिल और विसंगतिपूर्ण जीएसटी का पुरजोर विरोध किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में व्यापारियों की कस्टोडियल डेथ, पुलिस उत्पीड़न बढ़ गया है और इंस्पेक्टर राज के कारण त्राहि त्राहि मची हुई है। भ्रष्टाचार के नाम पर व्यापारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
सभी जिला-महानगर अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है की अपने जिले के हर बाजार में भाजपा का व्यापारी विरोधी चेहरा उजागर करें। व्यापारियों को जोड़ कर समाजवादी पाटर्ी को मजबूत किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में भाजपा को व्यापारी मुंहतोड़ जवाब देगा। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रवक्ता अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी से जुड़कर ही व्यापारियों का सम्मान और भविष्य सुरक्षित है।
केंद्र में सपा गठबंधन की सरकार बनने पर व्यापारी उत्पीड़न और परेशानियों से मुक्ति पाएंगे। प्रदेश प्रमुख महासचिव यासिर सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा की सरकार में व्यापारियों के सम्मान को कुचला गया है। नोटबंदी, जीएसटी में व्यापारी को बर्बाद किया। उन्होंने कहा कि हर जिले में समाजवादी व्यापार सभा भाजपा की पोल खोलेगी। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सूद समेत कई व्यापारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रवक्ता अभिमन्यु गुप्ता ने किया।