भाजपा उम्मीदवार कुंवर सर्वेश कुमार सिंह के निधन पर सपा सांसद ST Hasan ने जताया दुख, कहा- 'बड़ी क्षति है, अच्छे इंसान थे'

punjabkesari.in Sunday, Apr 21, 2024 - 12:40 PM (IST)

 लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश कुमार सिंह के निधन पर सपा नेता डॉ एसटी हसन ने कहा दुख व्यक्त किया है।  उन्होंने कहा कि वह अच्छे इंसान थे, उनके जाने से बड़ी क्षति हुई है।  उनकी आकस्मिक मौत से मैं बहुत दुखी हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। इस दुख की घड़ी में हम उनके साथ खड़े हैं। आप को बता दें कि दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मुरादाबाद से भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश का इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। मुरादाबाद में शुक्रवार (19 अप्रैल) को लोकसभा चुनाव के पहले चरण में ही मतदान संपन्न हुआ था। कुंवर सर्वेश कुमार उन 12 उम्मीदवारों में थे जो मुरादाबाद संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में थे।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा, ''कुंवर सर्वेश कुमार सिंह का निधन हो गया है। उनके गले में कुछ दिक्कत थी और उनका ऑपरेशन हुआ था, कल वह जांच के लिए एम्स गए थे और आज उनका निधन हो गया।'' कुंवर सर्वेश को भाजपा ने 2014 में मुरादाबाद से उम्मीदवार बनाया था और वह चुनाव जीत गये थे लेकिन 2019 में समाजवादी पार्टी (सपा) के डॉक्टर एस टी हसन से पराजित हो गये थे। हसन 2019 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के संयुक्त उम्मीदवार थे। भाजपा ने इस बार के लोकसभा चुनाव में भी कुंवर सर्वेश को मुरादाबाद से अपना उम्मीदवार बनाया था और उनकी मुख्य प्रतिद्वंदी सपा की रुचि वीरा को माना जा रहा था। कुंवर सर्वेश मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से पांच बार विधायक भी रह चुके थे। उनके पिता रामपाल सिंह 1984 में कांग्रेस से अमरोहा से सांसद चुने गए थे। पूर्व सांसद के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रकट करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह जी के निधन से स्तब्ध हूं। ये भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।


 योगी ने कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और उनके समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।'' सिंह के निधन पर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी गहरा शोक प्रकट किया है। मौर्य ने सोशल मीडिया मंच ''एक्‍स'' पर अपने संदेश में कहा, ''मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद व कर्मठ, लोकप्रिय भाजपा नेता कुंवर सर्वेश सिंह जी के आकस्मिक निधन की सूचना अत्यंत ही दुःखद है। उनका निधन भाजपा संगठन व राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल अनुयायियों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति!'' वहीं, ब्रजेश पाठक ने ''एक्‍स' पर कहा, ''मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह जी के निधन से स्तब्ध हूं। यह भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर पुण्यात्मा को शांति एवं परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति!'' भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सर्वेश सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

भाजपा मुख्‍यालय से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ''भारतीय जनता पार्टी के कर्मठशील नेता, भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत तथा मुरादाबाद के पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह जी का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।'' उन्‍होंने कहा, ''सर्वेश सिंह जी का गोलोकवासी होना मुरादाबाद ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम चंद्र जी से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके समर्थकों व शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static