''परिवार की पांचों सीटों पर सपा की हार सुनिश्चित है...नहीं खुलेगा खाता'' सीएम योगी का बड़ा दावा

punjabkesari.in Thursday, May 09, 2024 - 04:19 PM (IST)

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) का खाता भी नहीं खुलेगा और सपा मुखिया के परिवार की पांचों सीटों पर हार सुनिश्चित है। गोला में खीरी लोकसभा सीट के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के तीन चरण पूरे हो चुके हैं। देश में एक ही स्वर गूंज रहा है फिर एक बार मोदी सरकार। कांग्रेस और सपा के लोग कह रहे हैं कि राम मंदिर का निर्माण अनावश्यक हुआ है। चुनाव जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है दो चीजें साफ हो गई हैं। एक तरफ भारत के विकास, गरीब कल्याण के लिए योजनाओं का लाभ देने वाले रामभक्त हैं। कांग्रेस और सपा देश को बांटने की साजिश रच रही है।

कांग्रेस के समय में देश में घुसपैठ होती थीः योगी
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, एक तरफ कांग्रेस के कार्यकाल में जहां देश की सीमाएं असुरक्षित थीं, आतंकवाद और नक्सलवाद चरम पर थे वहीं दूसरी तरफ सपा रामभक्तों पर गोलियां चलवाती थी और आतंकियों के केस वापस लेती थी। मगर इस बार पूरे देश में एक ही स्वर गूंज रहा है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। उन्होंने कहा, जैसे अयोध्या नई अयोध्या बन गई है। काशी विश्वनाथ धाम जगमगा रहा है। ऐसे ही छोटी काशी को भी हम लोग उसी सुंदरीकरण के साथ जोड़ने का काम करने जा रहे हैं। फोर लेन के साथ यहां सुंदर गलियारा होगा। एक एक व्यापारी को बसाने का काम होगा, किसी को उजाड़ा नहीं जाएगा। यह केवल रामभक्त ही कर पाएंगे रामद्रोही नहीं कर पाएंगे। रामद्रोही सपा सरकार के समय दंगा, कर्फ्यू होता था, व्यापारी और बेटी असुरक्षित थीं। कांग्रेस के समय में देश में घुसपैठ होती थी।

सीएम योगी ने सपा पर लगाए गंभीर आरोप
सीएम योगी ने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर सपा अध्यक्ष ने कोई संवेदना जाहिर नहीं की, जबकि एक माफिया मरा तो उसके घर फातिहा पढ़ने चले गये। उन्होंने कहा कि सपा के पास गरीबों के कल्याण के लिए कोई कार्य योजना नहीं है। माफिया को गले का हार बना कर ये लोग प्रदेश को अराजकता की भट्ठी में झोंकने का कार्य करते रहे हैं। आज देश में जो परिवर्तन दिख रहा है, उसके महानायक नरेन्द्र मोदी हैं। उनके नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज का नया भारत कहता है कि हम किसी से भिड़ेंगे नहीं, मगर कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं। कांग्रेस के लिए फैमिली फस्टर् है और भाजपा के लिए नेशन फस्टर्। लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता 80 सीटों पर 80 कमल की माला प्रधानमंत्री मोदी को पहनाएगी।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static