विश्व में सबसे अधिक आध्यात्मिक देश है भारत, यहीं से दूसरे देशों में पहुंचा अध्यात्मः अनूप जलोटा
punjabkesari.in Sunday, Feb 19, 2023 - 09:36 PM (IST)

गोरखपुर: भजन सम्राट अनूप जलोटा के संरक्षण वाली संस्था ओंकारम की ओर से आयोजित 'राम-रमैया' कार्यक्रम की शुरूआत रविवार से गोरखपुर में हुई। इस कार्यक्रम में अनूप जलोटा ने कहा कि हमारे देश की धर्म, संस्कृति, अध्यात्म और संगीत उच्च कोटि का है। विश्व में भारत सबसे अधिक आध्यात्मिक देश है। भारत से ही दूसरे देशों में अध्यात्म पहुंचा है। हर एक शहर में जहां जहां पवित्र नदियां जाती हैं। उनके घाटों पर ओंकारम के द्वारा संगीत के अलावा अध्यात्म की प्रस्तुति दी जाएगी। जिसमें योग, संगीत, नृत्य, मंत्रों का उच्चारण, तबला वादन, गिटार वादन सिखाया जाएगा, क्योंकि आज हमारे देश के युवा पीढ़ी को इससे परिचित कराने की आवश्यकता है।
गोरखपुर शहर एक सिद्ध धाम है और मैं बचपन से ही...
गोरखपुर से इसकी शुरुआत होने के पीछे का उद्देश्य बताते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर शहर एक सिद्ध धाम है और मैं बचपन से ही गोरखपुर में कार्यक्रम के लिए आता रहा हूं। गोरखपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में नए कलाकारों को मौका दिया गया है। इसे देखकर लोग आश्चर्यचकित होंगे। गोरखपुर की प्रतिभाओं को देखने का मौका मिलेगा। इसी तरह से हम 21 शहरों में जा रहे हैं। 21 शहरों में 21 प्रतिभाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। कुछ प्रतिभाएं मुंबई से यहां पहुंची है।
पांच प्रमुख विभूतियों को भजन सम्राट के हाथों किया गया सम्मानित
पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के पांच प्रमुख विभूतियों को भजन सम्राट के हाथों सम्मानित किया गगा। सम्मानित होने वालों में - पद्मश्री साहित्यकार प्रो. विश्वनाथ तिवारी, प्रख्यात होमियोपैथिक चिकित्सक डा. रामरतन बनर्जी, प्रख्यात तबला वादक प्रेमशंकर गंगानी, डा. आरके शाही और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अलक राय शामिल हैं।