वट सावित्री पूजा में अचानक मधुमक्खियों का हमला, चीखते-चिल्लाते भागे लोग
punjabkesari.in Monday, May 26, 2025 - 06:39 PM (IST)

इटावा (अरवीन कुमार ): उत्तर प्रदेश के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कंपनी गार्डन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वट वृक्ष की पूजा कर रही महिलाओं पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए वट सावित्री पूजा करने पहुंची थीं, लेकिन अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद भीड़ पर हमला बोल दिया।
जैसे ही मधुमक्खियां आईं, महिलाएं, बच्चे और पुरुष घबरा गए। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग दौड़ते वक्त गिर भी गए, जिससे हल्की चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूजा छोड़कर सब लोग वहां से घर की ओर दौड़ गए। कई महिलाएं अपने बच्चों को लेकर दौड़ रही थीं, तो कुछ पुरुष मदद करने की कोशिश कर रहे थे। मधुमक्खियों के हमले के बाद गार्डन में पूरी तरह भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर मधुमक्खियां परेशान हो जाती हैं, इसलिए ऐसे आयोजनों में सतर्क रहना जरूरी है। हालांकि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन लोग काफी डर गए।