फेसबुक लाइव के दौरान महिला ने किया ऐसा कांड, पहुंची पुलिस, पूरा मामला जान उड़ जाएंगे होश
punjabkesari.in Sunday, Mar 23, 2025 - 02:36 PM (IST)

नोएडा : उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने फेसबुक लाइव के दौरान आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता ने उसकी जान बचा ली। फेसबुक लाइव के दौरान महिला ने अपने ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। फिर जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आनन-फानन में महिला की लोकेशन ट्रेस कर वहां पहुंच गई। फिर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, महिला खतरे से बाहर है।
पूरा मामला नोएडा के थाना फेस-2 इलाके की लोटस पिनास सोसाइटी का है। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना 22 मार्च 2025 की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला मूल रूप से गोंडा की रहने वाली है। फेसबुक लाइव के दौरान महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। फिर उसने कैमरे के सामने ही जहरीला पदार्थ खा लिया। लाइव वीडियो देखने वाले कुछ लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचा ली।
इस मामले को लेकर डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने बताया कि महिला खतरे से बाहर है। उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। महिला के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।