मैनपुरी उपचुनावः जीत का दावा करने वाले भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को अपना बूथ तक बचाने में छूट रहे पसीने
punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2022 - 11:56 AM (IST)

लखनऊः मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव की मतगणना सुबह से ही जारी है। प्रदेश के वोटरों की नजर जिस सीट पर सबसे ज्यादा टिकी है वह है मैनपुरी सीट, जिसपर स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की बहु डिंपल यादव चुनाव लड़ रही हैं। उनके खिलाफ बीजेपी ने रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। इस सीट पर जीत का दावा करने वाली बीजेपी की हालत पतली है। रघुराज सिंह शाक्य को अपना बूथ बचाने के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा है। इस सीट पर अबतक हो चुकी 10 राउंड की मतगणना में सपा उम्मीदवार डिंपल यादव करीब 24 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वह अपने गांव धौलपुर में डिंपल यादव से 187 वोटें से पीछे चल रहे हैं।
सुबह रघुराज ने किया था दावा- इस बार मैनपुरी में खिलेगा कमल
इसके पहले मतगणना की सुबह रघुराज ने बड़ा दावा करते हुए कहा था कि मैनपुरी में इस बार कमल ही खिलेगा। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि इससे पहले के चुनावों में मैनपुरी की जनता को वोट देने का हक नहीं मिलता था। दबंग उन्हें बूथों पर जाने से रोक देते थे लेकिन इस बार सुरक्षा बलों की सख्ती के चलते लोगों को वोट डालने का मौका मिला और इसका नतीजा परिणाम की शक्ल में सामने आएगा।
इस बार हर वर्ग ने बीजेपी के पक्ष में मतदान किया
सुबह एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि यहां लोग मशीन (ईवीएम) के पास पास खड़े हो जाते थे। बटन दबा देते थे। इस बार हर वर्ग ने बीजेपी के पक्ष में मतदान किया। लोगों को मौका मिला तो उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जसवंत नगर में बंपर मतदान के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी को वोट डालने का मौका मिला। सख्ती के बावजूद भी करीब 20 बूथों उन्होंने दबंगई की। एक बूथ तो ऐसा है कि जहां पुरुषों के 448 में से 448 वोट पड़े हैं। क्या 100 प्रतिशत वोटिंग कहीं होती है? लेकिन फिर भी इस बार उनकी बहुत नहीं चलने पाई। काफी हद तक अंकुश लगा। पहले तो 129 बूथ ऐसे थे जहां वे वोट ही नहीं डालने देते थे। उन्होंने कहा कि इस बार फर्जी वोटिंग नहीं होने पाई इसलिए हर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी जीतेगी।