ताजमहल के आसपास स्थित 400 से ज्यादा होटल, एंपोरियम और दुकानों पर लटकी तलवार, 500 मीटर तक नहीं होगी व्यावसायिक गतिविधियां
punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2022 - 12:33 PM (IST)

आगराः उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में स्थित ताजमहल पर प्रदूषण रोकने के लिए पहले आगरा का फाउंड्री उद्योग बंद किया गया था। अब यह खतरा ताजमहल के आसपास हो रही व्यावसायिक गतिविधियां पर मंडरा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के नए आदेश आने के बाद ताजमहल के आसपास हो रही व्यावसायिक गतिविधियां बंद की जानी हैं। इससे वहां रोजाना कमाकर खाने वाले के सामने रोजगार का संकट पैदा होने वाला है।
बता दें कि पश्चिमी गेट मार्केट एसोसिएशन ने ताजमहल के 500 मीटर की परिधि में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एडीए को निर्देश देने की मांग की थी। इसी के चलते सुप्रीम कोर्ट के नए आदेश आने के बाद ताजमहल के आसपास हो रही व्यावसायिक गतिविधियां बंद हो जाएगी। जिसका असर वहां रोजाना कमाकर खाने वाले लोगों के ऊपर पड़ेगा। इस आदेश आने के बाद वे दुकानदार और कारोबारी परेशान हैं, जो चारों कटरों में कारोबार कर रहे हैं।
दरअसल ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में हैंडीक्राफ्ट शोरूम, दुकाने व होटल बड़ी संख्या में हैं। इन्ही दुकानों के सहारे बहुत से लोगों की रोजी रोटी चल रही हैं। जहां व्यावसायिक गतिविधियां बंद किए जाने से पूरा ताजगंज ही संकट में आ जाएगा। व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाए जाने से हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित होगी और वे बेरोजगार हो जाएंगे। ताजमहल घूमने आने वाले भारतीय और विदेशी पर्यटकों के सहारे यह लोग अपना कारोबार चलते है। साथ ही हैंडीक्राफ्ट शोरूम संचालकों, होटल व रेस्टोरेंट संचालकों और दुकानदारों के साथ ही उनके यहां काम करने वाले सैकड़ों लोगों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। इसी बात को लेकर पूरा ताजगंज में हड़कंप मचा हुआ है।