ताज महोत्सव में चर्चा का विषय बनी युगांडा से आई महिला शिल्पकार, आकर्षक सामानों का लगाया स्टॉल

punjabkesari.in Friday, Feb 22, 2019 - 06:21 PM (IST)

आगरा(बृज भूषण): ताजनगरी में चल रहे ताज महोत्सव में बड़ी संख्या में देश-विदेश के अनेक दस्तकार, शिल्पकार, कारीगर भाग ले रहे हैं। हस्तशिल्प और हैंडलूम उत्पाद इस महोत्सव में बिक्री के लिए उपलब्ध है। वहीं युगांडा से आई महिला शिल्पी एलिंडा जोसेलिन खासी चर्चाओं मे हैं। उनके द्वारा लकड़ी और जूट से बनी कलाकृतियां देखने में भले ही सामान्य लगे, लेकिन इनका संदेश काफी गंभीर है।

युगांडा की एलिंडा जोसेलिन ने अपनी साथी के साथ ताज महोत्सव में स्टॉल लगाया है। शिल्पकार एलिंडा की भाषा समझना भले ही मुश्किल है, लेकिन उनके हुनर से बात की जा सकती है। एलिंडा ने अपनी शिल्पकारी से अपने पूरे स्टॉल को भरपूर सजाया है। इसमें लाठी लेकर बैठे एक पुरुष की तस्वीर एक कोने में रखी हुई है। वहीं दूसरी तरफ रंग बिरंगे कपड़ों में हैट लगाए साइकिल की रफ्तार भरती हुई महिला की तस्वीर है। लकड़ी की बनी यह तस्वीर पहली नजर में देखने पर खिलौना लगती है, लेकिन ये युगांडा में आ रहे बदलाव को दर्शाती हैं। उनके देश में पुरुष वर्चस्व के बीच अब महिलाओं को उनके अधिकार मिलने लगे हैं।

इन कलाकृतियों में वहां की संस्कृति और सभ्यता को भी बखूबी दर्शाया गया है। स्टाल पर रखे गए सामानों की कीमत 50 रुपए से लेकर 5 हजार रुपए तक है।  देसी कलाकारों के साथ शामिल हुए इन विदेशी शिल्पियों की कलाकृतियां लोगों को खासी आकर्षित कर रही है। बता दें कि 18 फरवरी से 27 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में पहली बार किसी विदेशी शिल्पी ने शिरकत की है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static