बोर्ड परीक्षा के दौरान कक्ष में अचानक गिरे शिक्षक… अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांस
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 01:45 PM (IST)
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 10वीं की अंग्रेजी परीक्षा की पहली पाली के समय ड्यूटी पर तैनात एक शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह कक्षा कक्ष में ही गिर पड़े। घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि शिक्षक परीक्षा कक्ष में निगरानी ड्यूटी कर रहे थे, तभी उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई और कुछ ही देर में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। मौके पर मौजूद अन्य शिक्षकों और स्टाफ ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। परिजनों और विद्यालय प्रशासन के सहयोग से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हृदयाघात (हार्ट अटैक) से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
यह घटना गांधी बाल निकेतन विद्यालय की है। शिक्षक के अचानक निधन से विद्यालय परिवार और छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए व्यवस्था प्रभावित हुई, लेकिन बाद में प्रशासन ने स्थिति संभालते हुए परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराया। पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मामले की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। शिक्षक के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

