पंचायत चुनाव में वोट न देने पर भड़का प्रधान, बुजुर्ग महिला पर किया तेजाब से हमला, हालत गंभीर

punjabkesari.in Thursday, Oct 06, 2022 - 02:13 PM (IST)

संभलः उत्तर प्रदेश के संभल से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसे जानने के बाद सभी का दिल दहल जाएगा। दरअसल, यहां पर पंचायत चुनाव में एक महिला ने ग्राम प्रधान को वोट नहीं दिया तो गुस्साए प्रधान ने महिला के चेहरे पर तेजाब से हमला करा दिया। जिससे उसका चेहरा पूरी तरह से झुलस गया है। इस हादसे की जानकारी जब पुलिस को हुई तो पुलिस ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे अस्पताल भर्ती कराया, लेकिन वहां से महिला को मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

चुनावी रंजिश के चलते किया महिला पर हमला
बता दें कि यह मामला संभल के ऐंचोड़ा कंबोह थाना के गांव मंडावली रसूलपुर का है। यहां पर चुनावी रंजिश के चलते गांव के प्रधान ने ही वोट न देने पर एक महिला पर तेजाब से हमला करा दिया। जिसके बाद महिला की हालत काफी गंभीर है। मिली जानकारी के अनुसार दबंग एक दलित बुजुर्ग महिला को खेत में खींच कर ले गए। यहां पर उसे घंटों बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद महिला के चेहरे पर एसिड डाल दिया गया, जिससे उसका चेहरा पूरी तरह से झूलस गया। वहीं, इस मामले में पीड़ित परिजनों का कहना है कि घटना प्रधानी के चुनाव से जुड़ी है। उनका कहना है कि, उन्होंने वर्तमान ग्राम प्रधान को वोट नहीं दिया था, जिससे वो नाराज हो गया। पीड़ित परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधान के लोग कई दिनों से उन्हें धमका रहे थे, इसी वजह से उन्होंने महिला पर तेजाब से हमला किया है।

परिजनों ने बताया कई बार मिल चुकी है धमकी
वहीं, पीड़ित महिला के पति ने बताया कि प्रधानी के चुनाव में वोट नहीं देने के कारण प्रधान नाराज चल रहा था। वह पहले भी कई बार धमकी दे चुका था। बताया गया कि आरोपी पक्ष ने पहले भी परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की है। जिसके बाद उन्होंने रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेती तो ये घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस पीड़ित महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अंग-भंग एवं SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static