रामलीला मंच बना ‘डांस और गोली’ का अखाड़ा! वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 03:32 PM (IST)
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां धार्मिक आयोजन के दौरान रामलीला मंच पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
यज्ञ के दौरान चल रही थी रामलीला
मामला खड्डा थाना क्षेत्र के गैनही जंगल का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सभा में आयोजित यज्ञ के दौरान रामलीला का मंचन किया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
बार बालाओं के डांस के बीच चली गोली
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मंच पर बार बालाओं का डांस चल रहा था। इसी बीच एक युवक ने असलहा निकालकर मंच पर ही फायरिंग कर दी। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वीडियो वायरल, उठे सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने धार्मिक आयोजनों में इस तरह की गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा हैं, बल्कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषी युवक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने आयोजकों और स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

