बच्चों को भंडारे का खाना खिलाना पड़ा बहुत महंगा, इंचार्ज अध्यापिका निलंबित

punjabkesari.in Tuesday, Dec 12, 2023 - 02:25 PM (IST)

संभल(बहजोई):  मिड डे मील के बदले बच्चों को भंडारा खिलाना इंचार्ज अध्यापिका को बहुत महंगा पड़ गया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बहजोई के गांव खजरा खाकम उच्च प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया तो बड़ी अनियमितताएं सामने आईं। बच्चों को खुले में बैठाकर कक्षा लगाई गई थी वहीं मिड डे मील के बजाय भंडारे से मंगाया गया भोजन खिलाया जा रहा था। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने इंचार्ज अध्यापिका को निलंबित कर दिया है।

PunjabKesari

डीएम मनीष बंसल ने किया था विद्यालय का औचक निरीक्षण
डीएम मनीष बंसल सोमवार को गांव खजरा खाकम के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पहुंच गए। विद्यालय में कक्षों से बाहर खुले में बच्चों को चटाई पर बैठाया गया था। मिड डे मील भोजन नहीं बनवाया गया था। इंचार्ज अध्यापिका मंजू कुमारी द्वारा भंडारे से मंगाकर भोजन वितरण कराया गया था। किचन में ईंधन की लकड़ी व पुराने टूटे हुए बक्से पड़े थे। शौचालय में टायली करण का कार्य नहीं कराया गया। छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तक भी वितरण नहीं की गई। डीएम ने इसे लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने इंचार्ज अध्यापिका मंजू कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
 

बदला गया मेन्यू
यूपी के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मिड डे मील योजना के तहत स्कूल में एक वक्त का खाना खिलाया जाता है। इस योजना का सीधा उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य को अच्छा बनाए रखना है। इसी के चलते जहां पहले बच्चों को 2 दिन दाल दी जा रही थी। उसे अब बढ़ाकर 4 दिन किया जा रहा है। मेन्यू में बाजरा भी शामिल किया जाएगा, जिसकी तस्वीर हफ्ते में एक दिन छात्रों को मिलेगी।

ऐसा होगा मेन्यू
जो नया मेन्यू जारी किया गया है उसके मुताबिक एक दिन मूंग की दाल और मौसमी सब्जी से बनी खिचड़ी का वितरण होगा। सोमवार के दिन रोटी मौसम की सब्जी और फल, मंगलवार को दाल, चावल, सब्जी, बुधवार को मौसमी सब्जी, सोयाबीन की बड़ी वाली तहरी और दूध, गुरुवार के दिन रोटी और सब्जी डली हुई दाल, शुक्रवार को मौसमी सब्जी से बनी बाजरे की खिचड़ी और मूंग की दाल, शनिवार को दाल चावल और सब्जी परोसी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static