PM मोदी-CM योगी के सरकार के लोककल्याणकारी कदमों का परिणाम है मिली जीत: स्वतंत्र देव

punjabkesari.in Saturday, Jul 03, 2021 - 09:01 PM (IST)

लखनऊ: भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मिली बड़ी जीत भाजपा सरकार के लोककल्याणकारी कदमों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। सिंह ने जीत के लिये प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुये कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार के लोककल्याणकारी कदमों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है जिसकी बदौलत 75 में से 67 सीटों पर भाजपा व उसके सहयोगियों ने जीत का परचम लहराया है। समाज के हर वर्ग और इसके प्रतिनिधि ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंचायत चुनाव में जीत कर आए जनप्रतिनिधि अन्त्योदय पथ पर बढ़ते हुए मोदी और योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करेगें।      

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 2014 के लोकसभा चुनाव से जो विजय का रथ आगे बढ़ा वह विधानसभा चुनाव 2017, नगरीय निकाय चुनाव, लोकसभा चुनाव 2019, विधानपरिषद के शिक्षक व स्नातक चुनाव तथा प्रदेश में हुए उपचुनाव और अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनसमर्थन के साथ अनवरत आगे बढ़ रहा है। भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक के हर चुनाव में जनता के अभूतपूर्व समर्थन व कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ऐतिहासिक विजय हासिल कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी अभूतपूर्व सफलता हासिल करेगी और जनता के समर्थन और मोदी-योगी सरकार के कार्यों के बल पर आगामी 2022 विधानसभा चुनाव में भी भाजपा एक बार फिर से बडे़ बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। पंचायत चुनाव को लेकर विपक्षी नेताओें द्वारा की जा रही बयानबाजी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हार व जीत लोकतंत्र के दो पहलू है, विपक्ष को अगर लोकतंत्र में विश्वास है तो उसे विनम्रता के साथ अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए। लेकिन विपक्ष अपनी हार स्वीकार करने के बजाय मनगढंत आरोप लगाकर झूठ बोलने की कोशिश में लगा है। विपक्ष हार की हताशा में इतना डूब चुका है कि लोकतांत्रिक मान्यताओं की धज्ज्यिां उडाते हुए जनादेश का अपमान करने में जुट गया है। उन्होनें कहा दरअसल विपक्ष की लोकतंत्र का अपहरण करने की आदत रही है चाहे वह सरकार चला रहे हो या अब पार्टी चला रहे हों, परिवारवाद, भ्रष्टाचार व गुण्डागर्दी ही उनकी राजनैतिक संस्कृति रही है यही कारण है कि चुनाव में लगातार जनता उनको सबक सिखा कर नकार रही है, लेकिन वे आत्ममंथन करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ने में लगे है।      

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सेवा का माध्यम है सरकार व संगठन जनता के बीच में रहकर उनकी सेवा करना और उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए दिन रात जुटे हुए है। यही कारण है कि जनता का बीजेपी पर विश्वास लगातार बढ़ता जा रहा है। विपक्ष की हताशा व उनके नेताओं के अनर्गल बयान यह बता रहे हैं कि उन्हें इस बात का अंदेशा हो चुका है कि उनकी जमींन खिसक चुकी है। 2022 के चुनाव में भी भाजपा 2017 के परिणाम से आगे लेकर जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static