मणिपुर में अनवरत जारी हिंसा व तनाव से पूरा देश चिंतित, क्या बीजेपी अभी भी ऐसे मुख्यमंत्री को संरक्षण देती रहेगी?
punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 01:21 PM (IST)

लखनऊ: मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने, छेड़छाड़ करने की कथित वीडियो को लेकर उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मणिपुर में अनवरत जारी हिंसा व तनाव से पूरा देश चिंतित है। महिला के साथ अभद्रता की ताजा घटना खासकर भाजपा व उनकी सरकार को शर्मसार करने वाली है। वैसे तो राज्य में कानून-व्यवस्था काफी पहले से चरमराई हुई है, किन्तु क्या बीजेपी अभी भी ऐसे मुख्यमंत्री को संरक्षण देती रहेगी?
मणिपुर में अनवरत जारी हिंसा व तनाव से पूरा देश चिन्तित है तथा महिला के साथ अभद्रता की ताजा घटना खासकर भाजपा व उनकी सरकार को शर्मसार करने वाली है। वैसे तो राज्य में कानून-व्यवस्था काफी पहले से चरमराई हुई है, किन्तु क्या बीजेपी अभी भी ऐसे मुख्यमंत्री को संरक्षण देती रहेगी?
— Mayawati (@Mayawati) July 20, 2023
बता दें कि मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने को लेकर मणिपुर पुलिस ने बताया कि ये मामला सेनापति जिले के एक गांव की है। जहां पर दो जनजातीय महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने और भीड़ द्वारा उनसे छेड़छाड़ करने संबंधी चार मई के वीडियो में नजर आ रहे मुख्य आरोपियों में से एक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कई टीम का गठन किया गया था। इनमें से एक व्यक्ति जिसे इस घटना का कथित मुख्य साजिशकर्ता कहा जा रहा है, उसे थाउबल जिले से गिरफ्तार किया गया। आरोपी 26 सेकंड के इस वीडियो क्लिप में प्रमुखता से नजर आ रहा है।
पुलिस ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा था कि अज्ञात हथियारबंद बदमाशों के खिलाफ थाउबल जिले के नोंगपोक सेकमाई थाने में अपहरण, सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास जारी है। मणिपुर में तीन मई से इंफाल घाटी में रहने वाले बहुसंख्यक मेइती समुदाय और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले जनजातीय कुकी समुदाय के बीच जातीय झड़पें हो रही हैं। हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।