पति से रूठकर मायके जाना पत्नी को पड़ा भारी, देर रात घर में घुसकर पति ने मारी गोली
punjabkesari.in Friday, Nov 03, 2023 - 03:06 PM (IST)

Deoria News: उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र में एक चौकीदार ने घरेलू विवाद में मायके में रह रही अपनी पत्नी को गोली मार दी। सीने पर गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला की हालत नाजुक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के बभनौली पाण्डेय ग्राम निवासी अरविंद कुशवाहा एक गांव का चौकीदार है। उसकी शादी सलेमपुर क्षेत्र में ही ग्राम उरदौली में राजाज्ञा की बेटी ममता से हुई है। अपने पति की उत्पीड़न से तंग आकर ममता इस समय मायके में ही रहती है। गुरुवार की देर रात अरविंद अपने ससुराल पहुंचा और पत्नी के सीने में तमंचे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल ममता का उपचार मेडिकल कालेज गोरखपुर में हो रहा है। जहां उसकी हालत स्थिर है।
ये भी पढ़ें.....
- Ballia news: महिला रेलकर्मी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने वाला आरोपी सिपाही निलंबित
- Elvish Yadav: बिग बॉस OTT-2 के विजेता एल्विश यादव बुरे फंसे, सांपों की तस्करी के आरोप में FIR दर्ज
क्या कहती है पुलिस?
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि घरेलू विवाद में एक व्यक्ति अरविंद कुशवाहा ने गुरुवार रात अपनी पत्नी ममता को तमंचे से गोली मार दी। उन्होंने बताया कि पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।