इस साल बारिश कम होने से किसानों को बिजली आपूर्ति में हो रही परेशानी: ऊर्जा मंत्री

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2022 - 11:42 PM (IST)

बरेली: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा ने रविवार को कहा कि इस साल गर्मी ज्यादा पड़ने और बारिश कम होने के चलते किसानों को बिजली की आपूर्ति में दिक्कत हो रही है। बरेली मंडल के प्रभारी मंत्री शर्मा ने यहां कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि इस साल गर्मी ज्यादा थी, जिसके चलते बिजली की मांग ज्यादा बढ़ने के कारण उसकी आपूर्ति में समस्या उत्पन्न हुई। चूंकि इस साल बारिश भी कम हुयी है, इसलिये किसानों को भी बिजली की आपूर्ति में दिक्कत आ रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले साल की अपेक्षा इस साल बिजली की डेढ़ गुना ज्यादा आपूर्ति की जा रही है। बैठक के दौरान शर्मा ने ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग के अधिकारियों की अधिक शिकायतें मिलने पर नाराजगी जताते हुए कार्यशैली में सुधार की हिदायत दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।

समीक्षा बैठक में शर्मा ने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ जनता को मिले यह सुनिश्चित किया जाये। मंत्री ने जिले में लगभग 41.685 करोड़ रुपए की लागत वाली 86 परियोजनाओं का लोकार्पण किया और लगभग 23.989 करोड़ रुपए की लागत वाली 33 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static