आज हम हिंदू कहने में गौरव की अनुभूति नहीं करते: CM योगी

punjabkesari.in Monday, Mar 13, 2023 - 11:26 PM (IST)

गोरखपुर, (रूद्र प्रताप सिंह) : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कहा कि हम सबको अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए क्योंकि हम अपनी विरासत को विस्मृत करके कभी आगे नहीं बढ़ सकते और न ही कोई समाज आगे बढ़ सकता है। वर्तमान पीढ़ी के लोगों का दायित्व है कि गौरव की अनुभूति करते हुए विरासत का संरक्षण व संवर्धन करें। सीएम ने कहा कि आज हम हिंदू (Hindu) कहने में गौरव की अनुभूति नहीं करते। याद रखिये स्वामी विवेकानंद (Swami Vivekananda) जी ने कहा था, गर्व से कहो हम हिंदू हैं। उन्होंने ही हर भारतवासी को इसका एहसास करवाया था।
PunjabKesari
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी सोमवार पूर्वाह्न श्रीचित्रगुप्त मंदिर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर श्रीचित्रगुप्त मंदिर सभा की तरफ से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। सीएम ने कहा कि अपनी विरासत का संरक्षण करके न केवल उसे सुरक्षित रखें बल्कि इसमें अभिवृद्धि के प्रयास भी करें। अगर दूसरी पीढ़ी उसमें अभिवृद्धि करते हुए दिखाई दे तो यही विकास का यथार्थ स्वरूप होगा। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया के साथ वर्तमान पीढ़ी को उसके लिए प्रेरित करना है। वास्तव में इससे केवल एक समुदाय विशेष का विकास नहीं होता है बल्कि यह सम्पूर्ण समाज के समग्र विकास की आधारशिला होती है। एक समृद्ध विरासत हमारे साथ जुड़ी हुई और वह विरासत राष्ट्र सेवा, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा राष्ट्र भक्ति है।
PunjabKesari
सीएम ने कहा कि चित्रगुप्त मंदिर स्थापना काल से ही राष्ट्र प्रेरणा व राष्ट्र भक्ति के रूप में खुद को स्थापित करते हुए सतत समाज के हर तबके को एक नई उर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास जो भी प्रस्ताव चित्रगुप्त मंदिर, मुंशी प्रेमचन्द, फिराक गोरखपुरी जी या समृद्व परम्परा के बारे में प्राप्त होंगे, उसमें भरपूर मदद की जाएगी। योगी ने समाज में कायस्थ समाज के योगदान की चर्चा करते हुए नेताजी सुभाषचंद्र बोस, डॉ राजेंद्र प्रसाद व लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व व कृतित्व का स्मरण किया। इसके पूर्व कार्यक्रम में पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीचित्रगुप्त की प्रतिमा के समक्ष पूजा की और उनकी आरती उतार लोक मंगल की कामना की। उन्होंने 139.80 लाख रुपये की लागत से किये गये सौन्दीर्यकरण के कार्यों का लोकार्पण किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static